ललितपुर

वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल

घंटाघर पर फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला

कांग्रेस कार्यालय से निकला विशाल मार्च
भारी पुलिस बल के बीच घंटाघर पहुंचे कार्यकर्ता
लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा का लिया संकल्प
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कथित “वोट चोरी” और चुनाव प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी का आंदोलन गुरुवार को सड़क पर नजर आया। पिछले एक सप्ताह से चल रहे अभियान के क्रम में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए और वहां से घंटाघर तक विशाल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों की रक्षा के समर्थन में नारेबाजी की। घंटाघर पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन को देखते हुए घंटाघर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को घंटाघर तक पहुंचने से रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम पर डटे रहे। जिलाध्यक्ष डा.दयाराम रजक ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर पद के कथित दुरुपयोग और लाखों मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया से दूर रखने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे को गांव-गांव और घर-घर तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा मतदाता अधिकारों को लेकर उठाए जा रहे सवालों का संतोषजनक जवाब मिलने तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। नगर कांग्रेस अध्यक्ष रामनरेश दुबे ने कहा कि प्रदर्शन को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लोकतांत्रिक आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तमाम रोक-टोक के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता घंटाघर पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। उनके मुताबिक कांग्रेस का आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ और मतदाता अधिकारों की रक्षा करो जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पंकज हुण्डैत, मोहन सिंह, प्रदीप कुशवाहा, नातीराजा जाखलौन, राकेश रजक, मकरंद किलेदार, डा.खेमचंद वर्मा, नदीम शबनम, महेंद्र पनारी, रामभरोसे कुशवाहा, उदल सिंह पटेल, कुलदीप पाठक, अमन साहू, सीताराम राय, स्वतंत्र राजा, बासु जैन, श्रीजल जैन, संतोष राय, हर नारायण सिंह चंदेल, समर्थ सिंह और प्रेम नामदेव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button