मेरठ

एमआईईटी के विद्यार्थियों को फ्रांस में पढ़ाई का अवसर

 सिविल इंजीनियरिंग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन, फ्रांस के संस्थान से शैक्षणिक सहयोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) ने फ्रांस के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान बिल्डर्स इकोल देंजिनियर के साथ शैक्षणिक सहयोग की पहल की है। इस साझेदारी के तहत संस्थान में सिविल इंजीनियरिंग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया गया। यह पहल एमआईईटी के विद्यार्थियों को फ्रांस में उच्च शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय करियर के अवसर दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रस्तावित पांच वर्षीय पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी प्रारंभिक दो वर्ष एमआईईटी में पढ़ाई करेंगे, जिसके बाद अगले तीन वर्ष फ्रांस के बिल्डर्स इकोल देंजिनियर में अध्ययन कर मास्टर डिग्री प्राप्त कर सकेंगे। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव, आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों की समझ और वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसरों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान, शैक्षणिक आदान-प्रदान, आधुनिक अनुसंधान और संयुक्त परियोजनाओं को बढ़ावा देने की योजना है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को टिकाऊ निर्माण, आधुनिक अवसंरचना, बंदरगाह योजना, डिजिटल इंजीनियरिंग और नवीनतम निर्माण तकनीकों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में बिल्डर्स इकोल देंजिनियर के डायरेक्टर ऑफ इंजीनियरिंग एंड इंटरनेशनल अफेयर्स प्रो. गिलाउम कारपेंटियर और आईआईटी खड़गपुर के एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. मोहम्मद सऊद अफजल विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रो. कारपेंटियर ने पोर्ट प्लानिंग एंड लेआउट विषय पर व्याख्यान देते हुए बंदरगाहों की योजना, डिजाइन, प्रबंधन और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रो. मोहम्मद सऊद अफजल ने फ्रांस में उच्च शिक्षा, शोध के अवसरों और करियर संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर एमआईईटी के वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा से जोड़ने और सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उनकी पेशेवर क्षमताओं को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से विद्यार्थियों को वैश्विक मानकों के अनुरूप शिक्षा और करियर के नए अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में एमआईईटी के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव सिंह तथा हेड ऑफ सिविल इंजीनियरिंग डॉ. कमल कुमार मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button