सिंगरौली
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को वितरित किए गए स्कूल बैग
राज्यमंत्री राधा सिंह और देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम की मौजूदगी में आयोजित हुआ कार्यक्रम, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय विद्यालय गड़हरा में सामग्री वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की राज्यमंत्री राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। स्कूल बैग पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री राधा सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सेवा, जनकल्याण और समाज के विभिन्न वर्गों तक सहायता पहुंचाने के महत्व को रेखांकित किया।
देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके सर्वांगीण विकास, नियमित पठन-पाठन और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहकर मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और अनुशासन के माध्यम से विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य सुब्बा लाल विश्वकर्मा ने मुख्य अतिथि और उपस्थित जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। शिक्षा विभाग की ओर से बैढ़न विकासखंड शिक्षा अधिकारी सिमरन बाध्वा ने भी जनप्रतिनिधियों का स्वागत-अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के अंत में विधायक राजेंद्र मेश्राम ने विद्यालय में उपस्थित विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। नए बैग पाकर बच्चों में उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता, भाजपा उपाध्यक्ष विजया सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, जिला मंत्री दिग्विजय सिंह, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष कमलेश बैस, खुटार मंडल अध्यक्ष मनोज शाह, मंडल महामंत्री अनिल दुबे, अनूप पांडे, अंबिका दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के व्यावसायिक प्रशिक्षक सितेश दुबे एवं कमलेश बैस ने किया। अंत में प्राचार्य सुब्बा लाल विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक राकेश उपाध्याय, संकठा शुक्ला, सितेश दुबे, नितिन, आशुतोष, संतोष दुबे, रजनी, शारदा शुक्ला, शमसीदा बानो, प्रशांत सिंह, बृजेंद्र सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।




