गोड्डा

महागामा में कचरे में आग लगने से फैला जहरीला धुआं

लोगों को सांस लेने में परेशानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की लचर व्यवस्था का खामियाजा एक बार फिर आम लोगों को भुगतना पड़ा। नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन में बसुआ चौक स्थित डिग्री कॉलेज के समीप हरिनचारा सड़क किनारे जमा कचरे में रविवार की रात फिर आग लग गई। कचरे में आग लगने से निकलने वाला धुआं आसपास के इलाकों में फैल गया। जिससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, कचरे के ढेर से उठते धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास के घरों, दुकानों तथा डिग्री कॉलेज की सुरक्षा को लेकर भी लोगों की चिंता बढ़ गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों को आशंका थी कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया, तो आग आसपास की दुकानों और घरों तक फैल सकती है। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना महागामा थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन वाहन बुलवाया। इसके बाद आग बुझाने की कार्रवाई की गई और स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। थाना प्रभारी की त्वरित पहल से संभावित बड़े नुकसान को टालने में मदद मिली। स्थानीय लोगों ने उनकी तत्परता की सराहना करते हुए आभार जताया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान पर बीते शुक्रवार को भी कचरे में आग लगने की घटना हुई थी। उस घटना के महज दो दिन बाद  की रात फिर आग लगने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है लोगों का कहना है कि एक ही स्थान पर बार-बार आग लगना केवल संयोग नहीं, बल्कि कचरे के उचित निस्तारण और निगरानी की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सड़क किनारे जमा कचरे में आग लगने से निकलने वाला धुआं आसपास के वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। इससे बच्चों, बुजुर्गों, दुकानदारों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष रूप से दिक्कत हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरे का नियमित उठाव और सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।बसुआ चौक से हरिनचारा जाने वाली सड़क के किनारे कचरा जमा रहने से पहले से ही लोगों को परेशानी होती रही है। अब इसी कचरे में बार-बार आग लगने की घटनाओं ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। आग लगने के बाद उठने वाला धुआं सड़क पर आने-जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है। वहीं, आसपास के दुकानदारों को भी अपने व्यवसाय के दौरान दुर्गंध और धुएं का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब इस स्थान पर बार-बार कचरा जमा होने और आग लगने की समस्या सामने आ रही है, तो नगर पंचायत प्रशासन की ओर से इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है? लोगों ने मांग की है कि सड़क किनारे जमा कचरे को तत्काल हटाया जाए तथा भविष्य में इस स्थान पर दोबारा कचरा जमा होने से रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button