
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली / भोजीपुरा। थाना भोजीपुरा पुलिस ने 2 लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि एक सिपाही भी घायल हुआ है। लूटी गई शत-प्रतिशत धनराशि बरामद कर ली गई है।
30 अक्टूबर को उवैश पुत्र खादिम अली निवासी रतना चुन्नीलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह दोस्त मोनिश अली के साथ बैंक से 2 लाख निकालकर जा रहा था। अलीनगर खड़ंजा मार्ग पर ट्यूबवेल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बैग लूट लिया। इस पर थाना भोजीपुरा में FIR 901/2026 दर्ज हुई थी। 31 अक्टूबर को पुलिस मनहेरा पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी, तभी तीन बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एहसान अली पुत्र जाकिर अली निवासी खजुरिया खुर्द, रामपुर (19) के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके दो साथी विनीत गंगवार पुत्र महिपाल निवासी सराय, शीशगढ़ और मोनिश अली पुत्र छोटे शाह निवासी रतना चुन्नीलाल, भोजीपुरा (19) को गिरफ्तार कर लिया गया। एहसान के पास से 315 बोर तमंचा, खोखा-जिंदा कारतूस, मोबाइल और 1 लाख रुपये, जबकि अन्य दोनों के पास से 50-50 हजार रुपये और मोबाइल बरामद हुए। लूट में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी बरामद हुई है। मुठभेड़ में आरक्षी अंकित कुमार के बाएं बाजू में गोली की रगड़ से चोट लगी है। दोनों घायलों को सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है।


