ललितपुर

जनगणना-2027 के प्रशिक्षण में तीन कर्मचारी अनुपस्थित, कार्रवाई के लिए भेजी रिपोर्ट

अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने किया औचक निरीक्षण

प्रशिक्षण की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को अधिशासी अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षण में तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। उनकी अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अधिकारी ने कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, फील्ड ट्रेनरों द्वारा दिए जा रहे मार्गदर्शन, प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के लिए की गई जलपान व्यवस्था का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ निभाया जाना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को ध्यानपूर्वक समझें, ताकि मैदानी स्तर पर जनगणना का कार्य बिना किसी त्रुटि के संपन्न कराया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों को अपने आवंटित क्षेत्रों में पूरी निष्ठा एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि जनसंख्या स्वगणना का कार्य 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके बाद जनसंख्या गणना का कार्य एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने या सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रेमचंद, वृन्दावन लाल वर्मा एवं कमलेश कुमार दीक्षित अनुपस्थित पाए गए। अधिशासी अधिकारी ने तीनों कर्मचारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर शक्ति सिंह अहिरवार, कल्याण सिंह, आदर्श रावत, सौरभ चौरसिया, अनिल कुमार विश्वकर्मा एवं हरिश्चंद्र नामदेव ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के द्वितीय चरण की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं एवं कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जनगणना लिपिक हबीब खान एवं अमित पाराशर तथा नगर पालिका परिषद के कर्मचारी भगवान सिंह, वीरेंद्र कुमार, अभिषेक साहू एवं देवकी लाल कुशवाहा सहित समस्त प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button