बालाघाट

छोटे शहर की प्रतिभा ने मुंबई की चमकती दुनिया में गाड़े सफलता के झंडे

बालाघाट की नगीना बोपचे टीवी पर छाईं

दंगल टीवी के धारावाहिक ‘मन अति सुंदर’ में निभा रहीं अहम भूमिका, थिएटर से शुरू हुआ संघर्ष अब टेलीविजन तक पहुंचा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट : मुंबई की चकाचौंध भरी मायानगरी में पहचान बनाना आसान नहीं है। यहां हजारों कलाकार रोज अपनी किस्मत आजमाते हैं, लेकिन सफलता उन्हीं को मिलती है, जिनमें प्रतिभा के साथ संघर्ष करने का जज्बा और लगातार आगे बढ़ने का हौसला हो। बालाघाट की बेटी नगीना बोपचे ने इसी संघर्ष के दम पर मायानगरी में अपनी अलग पहचान बनाई है। आज वे दंगल टीवी के चर्चित धारावाहिक ‘मन अति सुंदर’ में अहम भूमिका निभाकर अभिनय की दुनिया में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं।
नगीना की प्रारंभिक शिक्षा बालाघाट के इंग्लिश स्कूल में हुई। बचपन से ही अभिनय के प्रति उनका रुझान था। परिवार का सहयोग और खुद पर भरोसा लेकर उन्होंने बड़े सपनों की राह चुनी और मुंबई पहुंचीं। वर्ष 2021 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 2022 में थिएटर से जुड़कर अभिनय की बारीकियां सीखीं। लगातार मेहनत और ऑडिशन के बाद वर्ष 2023 में उन्हें पहला प्रोजेक्ट मिला। इसके बाद ‘द लिटर्न चिल्ड्रन कंपनी’ के साथ भी काम करने का अवसर मिला।
अभिनय के इसी सफर में नगीना को ‘नागिन’ और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ जैसे चर्चित धारावाहिकों से जुड़कर काम करने का मौका मिला। अभिनेता अरुण गोविल के साथ काम करने का अनुभव भी उनके करियर का हिस्सा रहा है। वर्तमान में ‘मन अति सुंदर’ में निभाई जा रही भूमिका उनके अभिनय सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।
नगीना का मानना है कि अभिनय की दुनिया में केवल खूबसूरत सपने देखने से मुकाम हासिल नहीं होता। यहां हर कदम पर धैर्य, मेहनत, आत्मविश्वास और असफलताओं से लड़ने का साहस चाहिए। उनका कहना है कि परिवार का साथ उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा है। सोशल मीडिया ने नए कलाकारों के लिए अवसरों के दरवाजे जरूर खोले हैं, लेकिन वास्तविक पहचान आज भी ऑडिशन और अभिनय क्षमता के दम पर ही बनती है।
कला के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव पर नगीना का मानना है कि तकनीक कितनी भी आगे क्यों न बढ़ जाए, मानवीय भावनाओं, संवेदनाओं और स्वाभाविक अभिव्यक्ति का स्थान पूरी तरह नहीं ले सकती।
नगीना का सपना अभिनय के क्षेत्र में और ऊंचाइयां हासिल करना है। उनका सफर उन लोगों के लिए करारा जवाब है, जो छोटे शहरों की प्रतिभाओं को सीमित अवसरों के नजरिए से देखते हैं। बालाघाट से मुंबई तक का यह सफर बताता है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। जरूरत है तो सिर्फ हौसले, मेहनत और अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहने की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button