सिंगरौली

एनटीपीसी विंध्याचल ने मनाया 45वां स्थापना दिवस, 20 छात्राओं को भेंट की साइकिल

कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने कर्मचारियों व सहयोगियों के योगदान को सराहा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। देश के विशालतम विद्युत संयंत्र एनटीपीसी विंध्याचल ने 12 नवंबर को अपना 45वां स्थापना दिवस उपलब्धियों के गौरव और नए संकल्पों के साथ मनाया। प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित समारोह का शुभारंभ कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने एनटीपीसी ध्वज फहराकर किया। इसके बाद एनटीपीसी गीत प्रस्तुत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए किशोर कुमार होता ने परियोजना की विकास यात्रा में योगदान देने वाले सभी विभागों और हितधारकों की सराहना की। उन्होंने विभिन्न पुरस्कारों और सम्मानों के जरिए परियोजना का गौरव बढ़ाने के लिए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के समर्पण के साथ संविदाकारों, विक्रेताओं, आपूर्तिकर्ताओं और मीडिया के सहयोग ने विंध्याचल की उपलब्धियों और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
20 छात्राओं को साइकिल वितरित कर दिया सामाजिक सरोकार का संदेश
स्थापना दिवस पर सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत वरिष्ठ प्रबंधन टीम ने कस्तूरबा कन्या छात्रावास, गनियारी-बैढ़न की 20 छात्राओं को साइकिल वितरित कीं। इस पहल के माध्यम से शिक्षा, समानता और सामुदायिक विकास के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता प्रदर्शित की गई। वहीं, ब्रिक्स सस्टेनेबिलिटी अभियान के तहत ईएमजी विभाग द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
सुरक्षा और गुणवत्ता की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं गुणवत्ता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद केक काटकर और गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं। समारोह में महाप्रबंधक एम. सुरेश, वरिष्ठ कमांडेंट मनीष कुमार राय, डॉ. बी.के. भराली, निर्मल कुमार सिंह, सी.बी. ओझा, टी.एन. सीतारामन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि और सुहासिनी संघ की सदस्य मौजूद रहीं। कर्मचारियों, उनके परिजनों, विद्यालयों के प्राचार्यों तथा सीआईएसएफ के अधिकारियों और जवानों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में कर्मचारियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ए.के. श्रीवास्तव ने कविता पाठ किया। सौरभ बनौधा, अपर महाप्रबंधक (आईटी), और उनके पुत्र ओंकार बनौधा ने बांसुरी वादन से युगल प्रस्तुति दी। वहीं, रविन्द्र कुमार मिश्रा के संगीत प्रदर्शन ने आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन, नगर अनुरक्षण और आईटी विभाग के समन्वय से किया गया। मंच संचालन अनम खान और भरत तवानिया ने किया। धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक छायाचित्र के साथ समारोह का समापन हुआ। स्थापना दिवस ने एनटीपीसी विंध्याचल की ऊर्जा उत्पादन के साथ सामाजिक विकास और जनजीवन को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button