
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा को लेकर महागामा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। छठ महापर्व के दौरान छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के नेतृत्व में महागामा थाना क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण अभियान में महागामा थाना प्रभारी सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग छठ घाटों पर पहुंचकर वहां की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, आवागमन तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। दौरान एसडीपीओ वरुण रजक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान सभी घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बनाए रखने के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान सुबह और शाम के अर्घ्य के समय घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को पूरी तरह मुस्तैद रहना आवश्यक है। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया। छठ व्रतियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता छठ महापर्व के दौरान महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एसडीपीओ ने निर्देश दिया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा पर्व के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे। आम नागरिकों से पुलिस प्रशासन ने की सहयोग की अपील महागामा पुलिस ने क्षेत्र के तमाम नागरिकों, छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि लोक आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।


