शामली
तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर-ट्राली में मारी टक्कर, 50 मीटर तक घिसटती चली गई
हादसे में कार चालक को आई हल्की चोट, पुलिस ने ट्राली से कार निकलवाकर यातायात सुचारु कराया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर टपराना पुल के पास तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्राली के पिछले हिस्से में घुस गया। कार करीब 50 मीटर तक ट्राली के साथ घिसटती चली गई। हादसे में कार चालक को हल्की चोट आई।मुजफ्फरनगर के नगला निवासी जाहिद का पुत्र राजा ऊन शुगर मिल से पशुओं की मैली भरकर ले जा रहा था। जैसे ही वह टपराना पुल के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही नेक्सन कार ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। कार को गुरुग्राम निवासी आकाश चला रहा था, जो करीब डेढ़ वर्ष से झिंझाना के एक अस्पताल में चिकित्सक है।सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली में फंसी कार को निकलवाया और यातायात सुचारु कराया। बताया गया कि हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया।


