गोरखपुर

गोला में तालाब से मिला युवती का शव

घर से नाराज होकर निकली थी; पुलिस कर रही जांच

तेन्दूहानी गांव की घटना, सुबह घर से निकली युवती की तलाश में जुटे परिजन; चप्पल मिलने के बाद तालाब में चलाया गया खोज अभियान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : गोला थाना क्षेत्र के तेन्दूहानी गांव में रविवार को एक युवती का शव तालाब में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। युवती सुबह घर से निकली थी और काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो गांव के पास स्थित तालाब के किनारे उसकी चप्पल मिली। इसके बाद गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश कराई गई, जहां करीब 11 बजे उसका शव बरामद हुआ।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान तेन्दूहानी निवासी श्वेता कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि 15 नवंबर की सुबह उसकी मां ने उसे घर में खाना बनाने और मसाला पीसने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद युवती करीब सात बजे नाराज होकर घर से निकल गई।
काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के पास तालाब के किनारे उसकी चप्पल दिखाई दी। आशंका होने पर तालाब में खोजबीन कराई गई। गोताखोरों की मदद से करीब 11 बजे युवती का शव बाहर निकाला गया।इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, परिजनों से बातचीत के आधार पर मामला प्रथमदृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी गोला सी.पी. पाण्डेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शव को तालाब से निकलवाकर अस्पताल भिजवाया गया। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button