सीआईएसएफ का बड़ा प्रहार, 123.880 टन अवैध कोयला और 44 बाइक जब्त
‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत बैदकारो डीसीसीपीएल पैच माइन्स क्षेत्र में देर रात छापेमारी, एमएमडीआर एक्ट के तहत कार्रवाई जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। बेरमो अनुमंडल स्थित सीसीएल के बीएंडके एरिया अंतर्गत बैदकारो डीसीसीपीएल पैच माइन्स क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देशन में 18-19 नवंबर की मध्यरात्रि चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में 123.880 टन अवैध कोयला और 44 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर रात करीब 11 बजे से 2 बजे तक अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से जमा कोयला और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। मामले में एमएमडीआर अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।सीआईएसएफ कमांडेंट राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत लगातार गश्त, ड्रोन और श्वान दस्ते की मदद से निगरानी की जा रही है। अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, धनंजय कुमार पांडेय, निरीक्षक पीके सिंह, शिला टोप्पो, रवि रंजन सहित सीआईएसएफ एवं सीसीएल सुरक्षा विभाग के अधिकारी और जवान शामिल थे। सीआईएसएफ ने आम लोगों से कोयला चोरी एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की है।



