रांची

रूस में हिरासत में रखे गए जमशेदपुर के मनीष साहू सुरक्षित भारत लौटे, राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष के प्रयास से हुई वापसी

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

रांची/जमशेदपुर। रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गये झारखण्ड के 29 वर्षीय मनीष साहू सुरक्षित भारत लौट आए हैं। वह 26 नवंबर को दिल्ली पहुंचे और 27 नवंबर 2026 को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर पहुंच गये। जानकारी के अनुसार, मनीष 6 अक्टूबर को पर्यटक वीजा पर रूस गए थे। 27 अक्टूबर के बाद परिवार से संपर्क टूटने पर उनकी मां ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद विभाग ने भारतीय दूतावास मॉस्को, भारतीय महावाणिज्य दूतावास येकातेरिनबर्ग और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर कांसुलर एवं कानूनी सहायता का अनुरोध किया। भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने 3 नवंबर को हिरासत केंद्र में मनीष से मुलाकात कर कांसुलर सहायता प्रदान की। उन्हें प्रशासनिक अपराध के मामले में 4,000 रूबल जुर्माना और रूस से निष्कासन का आदेश दिया गया था। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस से उनकी रवानगी हुई। राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने सुरक्षित वापसी में सहयोग के लिए भारतीय महावाणिज्य दूतावास एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया। साथ ही विदेश जाने वाले झारखंड के नागरिकों से वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों का सत्यापन करने की अपील की है।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button