अमरोहा
अमरोहा में दौलतपुर हिंसा मामले में प्रदर्शन
केंद्रीय लोक शिकायत निवारण परिषद ने आरोपियों की गिरफ्तारी और 50 लाख मुआवजे की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमरोहा : नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर में एक गंभीर घटना सामने आई है। इबले हसन के घर पर आए दामाद के साथ कुछ लोगों की कहासुनी के बाद मामला बिगड़ गया। दूसरे समुदाय के लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी।
महेंद्र और उनके साथियों ने घर में घुसकर मारपीट की। आरोपियों ने पूरे घर को आग के हवाले कर दिया। घर में रखा सामान जला दिया। एक भैंस आग में झुलस गई। दो कारें तोड़ दी गईं। झूले का गोदाम भी जलाकर राख कर दिया गया। आरोपी घर का सामान लूटकर ले गए। परिवार किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा।
केंद्रीय लोक शिकायत निवारण परिषद के बैनर तले दर्जनों लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम डीएम को ज्ञापन सौंपा। मांग की गई है कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। एफआईआर में पशु क्रूरता अधिनियम की धारा जोड़ी जाए। आरोपियों से नुकसान की भरपाई कराई जाए। पीड़ित परिवार को सरकार 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दे।



