अमरोहा

चोरी की वारदातों से परेशान जल निगम ने हटाया उपकरण

आदमपुर के गारवपुर में जल आपूर्ति रुकी, ग्रामीणों ने किया विरोध

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
आदमपुर : थाना क्षेत्र के गारवपुर गांव में जल निगम ने पानी की टंकी से सभी उपकरण हटा लिए हैं। इसकी वजह लगातार हो रही चोरी की वारदातें और पुलिस की निष्क्रियता है। वृहस्पतिवार की रात को जल निगम के कर्मचारी टंकी से जनरेटर, बैटरा और सोलर पैनल समेत सभी उपकरण उठाकर ले गए।
इस कार्रवाई से गांव की जल आपूर्ति बंद हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण टंकी स्थल पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन किया। चौकीदार नरेश कुमार ने अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
चौकीदार के अनुसार, कुछ महीने पहले टंकी स्थल से जनरेटर का बैटरा चोरी हो गया था। इसकी शिकायत आदमपुर पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार रात को भी चोरों ने टंकी का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सतर्कता के कारण वे भाग गए।
जल निगम के जिला परियोजना प्रबंधक कपिल कुमार ने बताया कि पुलिस सुरक्षा नहीं मिलने के कारण उपकरण हटाने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों की मांग पर अब जल आपूर्ति बहाल की जा रही है।
विरोध प्रदर्शन में ग्राम प्रधान राजवीर सिंह, अनमोल, मलखान सिंह, ओमपाल सिंह, अरुण शर्मा, मोहित शर्मा, फूलसिंह, रवि चौधरी, महीपाल सिंह, रंजीत कुमार, योगेश कुमार और मनवीर सिंह सहित कई ग्रामीण शामिल थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button