
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमरोहा में दस मोहर्रम पर इमाम हुसैन की याद में जिले भर में जुलूस निकाले जा रहे हैं। जिले में अलग-अलग समय पर कुल 84 ताजिया जुलूस निकलेंगे, जिनमें 204 छोटे-बड़े ताजिए शामिल हैं। सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ताजियों की ऊंचाई 12 फीट तक रखी गई ,जुलूस के दौरान ‘या हुसैन-या हुसैन’ की सदाएं गूंजती रहीं। आजादारों ने जंजीरों से मातम किया और दहकते अंगारों पर चलकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। जुलूस में नन्हें-मुन्ने बच्चे भी शामिल हुए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। सभी सर्किल के सीओ और थाना प्रभारी मौके पर तैनात हैं।
पूर्व में हुए विवादों को देखते हुए खुफिया विभाग भी अलर्ट है। शहरी क्षेत्र में निकलने वाले बड़े जुलूसों की सुरक्षा के लिए पीएसी जवानों को तैनात किया गया है। जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जा रही है। शहर, कस्बों और गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन मोहर्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में जुटा है।






