अमरोहा
UP: गांवों में बनेंगे भव्य पंचायत उत्सव भवन! एक हॉल, रसोई, दिव्यांग टॉयलेट समेत मिलेंगी ये सुविधाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : पंचायत उत्सव भवन योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भवन निर्माण का निर्णय लिया गया है जिस पर 1.41 करोड़ रुपये की लागत आएगी। पहले चरण में 3000 वर्ग मीटर भूमि पर एक भवन बनेगा जिसमें हॉल कमरे और शौचालय होंगे। इसके अतिरिक्त डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत 103 पंचायतों में लाइब्रेरी बनेंगी प्रत्येक पर 4 लाख रुपये खर्च होंगे।
अमरोहा। पंचायत उत्सव भवन योजना के तहत शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम निधि गुप्ता की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कमेटी की बैठक हुई। इस दौरान डीपीआरओ पारूल सिसौदिया ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा।
एक पंचायत उत्सव भवन की अनुमानित लागत 1.41 करोड़ है। पहले चरण में जनपद में एक पंचायत उत्सव भवन का निर्माण होगा। उसके लिए 3000 वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता होगी। पंचायत उत्सव भवन में एक हाल स्टेज/मंडप सहित (100 लोगों की क्षमता का), तीन कमरे, जिसमें एक दिव्यांगजन का कमरा, भूतल पर पुरुष/महिला/दिव्यांगजन शौचालय, रसोई घर आदि निर्मित किया जाएगा
इस दौरान डीएम ने कहा कि डीपीआरओ व एसडीएम स्वयं स्थल का परीक्षण करें और बेहतर भूमि उपलब्धता के संबंध में आख्या तैयार कर उपलब्ध कराएं। बैठक में सीडीओ एके मिश्र के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
103 पंचायतों में बनेंगी डिजिटल लाइब्रेरी
डीपीआरओ पारूल सिसौदिया ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) योजना के तहत जनपद पहले चरण में 103 पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएंगी। जिसमें अमरोहा ब्लाक क्षेत्र की एक, जोया की 15, धनौरा की छह, हसनपुर की 33 व गजरौला की 47 पंचायतें शामिल हैं।
एक लाइब्रेरी पर चार लाख रुपये खर्च होंगे। जिसमें 1.30 लाख रुपये कंप्यूटर आदि उपकरण, 70 हजार फर्नीचर व शेष 2 लाख में 90 हजार रुपये की एनबीटी से किताबें क्रय की जाएगी। 90 हजार से अन्य प्रकाशन की किताबें खरीदी जाएंगी। 20 हजार रुपये से डिजिटल कंटेंट पर्चेज किया जाएगा। किताबें खरीदने के लिए कमेटी गठित की गई है।


