मकान की छत गिरने से सात लोग हुए घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
बिजनौर : जिले में पिछले दो दिन से जारी तेज बारिश अब लोगों के लिए आफत बन गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के अलावलपुर गांव में बारिश के कारण एक मकान का लेंटर गिर गया। हादसे में मकान में सो रहे एक ही परिवार के 7 लोग दब गए। घटना रात की है। अलावलपुर गांव के रहने वाले दिनेश सिंह के मकान का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और उपजिलाधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बुलडोजर की मदद से और ग्रामीणों के सहयोग से करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद सभी लोगों को सकुशल बाहर निकाला। हादसे में घायल दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस के अनुसार, दिनेश सिंह अपनी पत्नी और 5 बच्चों के साथ अपने घर में सो रहे थे। रात में अत्यधिक बारिश के कारण उनके घर का लेंटर गिर गया। जानकारी के अनुसार दिनेश मजदूरी करता था और उसने अपना मकान 10 साल पहले बनाया था। लगभग 200 गज का यह मकान है जिसमें परिवार के सभी लोग सोए हुए थे। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



