गोड्डा

पथरगामा के परसपानी रंगमंच मैदान में करम महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन, 

हजारों श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : पथरगामा प्रखंड अंतर्गत परसपानी रंगमंच मैदान में शनिवार को करम महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव के द्वारा फीता काटकर किया गया।कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिला श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जो तीखी धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद उत्साह से भरपूर नजर आईं।
महोत्सव में सुप्रसिद्ध खोरठा एवं कुड़माली गायिका काजल महतो, पायल राज और उनके सहयोगियों ने एक से बढ़कर एक करम गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरे मैदान में करम गीतों की गूंज और पारंपरिक नृत्य का माहौल छाया रहा।
कार्यक्रम में श्रम एवं नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव का भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा,  “कुड़मी समाज के साथ वर्षों से छल किया गया है, लेकिन अगर किसी ने इस समाज को सम्मान दिया है, तो वह संजय प्रसाद यादव है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जब से वे इस क्षेत्र में आए हैं, करम महोत्सव का आयोजन लगातार भव्य रूप में हो रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भावुक जुड़ाव व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस समाज के सुख-दुख में भाई और बेटे की भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान श्रम मंत्री स्वयं एवं उनकी धर्मपत्नी कल्पना देवी भी करम गीतों की धुन पर झूमते नजर आए, जिससे माहौल और भी उल्लासमय हो गया।
करम महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनोहर महतो ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से “करम दीदी” की संख्या उल्लेखनीय रही। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी को कोई असुविधा न हो।
अंत में अध्यक्ष ने श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव का आभार जताया और कहा कि उनके सहयोग से ही यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
मौके पर मंत्री के पुत्र रजनीश यादव, कमेटी सदस्य त्रिलोचन महतो, मदन महतो, कार्तिक महतो, रेखा देवी, सोनाराम महतो सहित राजद के अनेक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button