गोड्डा
गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान में तीन बाइक चोर गिरफ्तार, दो चोरी की बाइक बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा: पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर रविवार को जिले भर में चलाए जा रहे एंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान के दौरान गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।पहला मामला नगर थाना क्षेत्र के नगर चौक का है। यहां चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह चोरी की स्कूटी लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर आरोपी राकेश कुमार को मौके पर ही दबोच लिया। उसके पास से चोरी की स्कूटी जब्त की गई।दूसरा मामला हटिया चौक का है। यहां पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल देखी। पुलिस को देखते ही बाइक पर सवार दो युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजन मंडल और संतोष सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की एक और बाइक छिपाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके निशानदेही पर वह बाइक भी बरामद कर ली।गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थाना क्षेत्रों में कांड दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इनके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही और भी खुलासे होने की संभावना है।



