बाघमारा में अवैध कोयला खनन पर सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी मशीन ज़ब्त
CISF takes major action against illegal coal mining in Baghmara, JCB machine seized

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। कतरास महाअष्टमी की रात बाघमारा अनुमंडल के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल क्षेत्र संख्या 3 के ब्लॉक-4 स्थित ओरिएंटल आउटसोर्सिंग पैच में सीआईएसएफ (सी आई एस एफ) की टीम ने अवैध कोयला खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीआईएसएफ एरिया-3 की टीम ने मौके पर एक बिना नंबर प्लेट की JCB मशीन को ज़ब्त किया, जो अवैध खनन के लिए रास्ता बनाने में प्रयुक्त हो रही थी। मौके पर कई टन अवैध रूप से भंडारित कोयला भी पाया गया, साथ ही 3 से 4 अवैध खनन मुहानों की पहचान की गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। ज़ब्त की गई JCB मशीन को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए स्थानीय पुलिस को सौंपा जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आने वाले दिनों में और भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।



