ढक्का में बिजली विभाग की बडी लापरवाही
सड़क किनारे रखा ट्रांसफॉर्मर बना मौत का बडा जाल, करंट से कुत्ते की दर्दनाक मौत,ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। सैद नगली थाना क्षेत्र के गांव ढक्का में बिजली विभाग की लापरवाही ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। गांव के बड़े मदरसे के पास सड़क किनारे खुले में रखा ट्रांसफॉर्मर किसी भी वक्त बड़ा हादसा करा सकता है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही इस कदर बढ़ चुकी है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।,गांव के लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कुर्सियों पर चैन की नींद सो रहे हैं, जबकि गांव वाले मौत के साए में जीने को मजबूर हैं। आलम ये है कि एक दिन पहले ही खुले ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आकर एक आवारा कुत्ते की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में दहशत और गुस्सा फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर उस वक्त वहां कोई बच्चा या राहगीर गुजरता तो अब तक गांव में मातम पसर चुका होता।
स्थानीय लोग बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहते हैं ऐसा लगता है जैसे विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है। जानवर की मौत के बाद भी विभाग नहीं चेता, तो क्या इंसानी जान जाने पर ही कार्रवाई होगी?”गुस्साए ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही ट्रांसफॉर्मर को सुरक्षित नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे और बिजली विभाग आखिर कब जागेगा? मासूम की जान जाने के बाद… या फिर किसी बड़े हादसे के बाद…



