अमरोहा
सांथलपुर गौशाला में मृत पशु चारे में दबे मिले
जिला गौरक्षा प्रमुख ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा ढबारसी। गंगेश्वरी ब्लॉक के वृहद गो संरक्षण केंद्र सांथलपुर में लापरवाही और अव्यवस्थाओं की पोल खुल गई है। निरीक्षण के दौरान मृत गोवंशीय पशु चारे में दबे हुए और खुले में पड़े मिले, जबकि कई घायल पशु बिना उपचार के तड़पते दिखे। इस भयावह स्थिति को देखते हुए जिला प्रमुख गौरक्षा विश्व हिंदू परिषद मांगेराम चौहान ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मांगेराम चौहान ने शुक्रवार को सांथलपुर गो सेवा संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने कई गंभीर अनियमितताएं देखीं। गोशाला परिसर में भारी गंदगी फैली हुई थी, चारा भंडार गृह में चारे का अभाव था और पशुओं के अवशेष खुले में सड़ रहे थे। मृत पशुओं के शवों को पक्षी नोंच रहे थे, जिससे आसपास बदबू फैल रही थी। वहीं घायल पशुओं को किसी प्रकार की चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि गोशाला में तैनात कुछ कर्मचारी नशे की हालत में मौजूद थे और गोवंश की देखभाल में घोर लापरवाही बरत रहे थे। मांकेराम चौहान ने तत्काल इस संबंध में एसडीएम हसनपुर और खंड विकास अधिकारी गंगेश्वरी को फोन पर सूचना दी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
इन सबके मद्देनजर जिला गौरक्षा प्रमुख ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर विस्तृत शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सरकार से दोषी कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि गोवंश की उचित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ दीपांशु कश्यप और मोहित कुमार भी मौजूद थे।



