प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने कि युवती कि गला रेतकर निर्मम हत्या

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट जिले बैहर तहसील अंतर्गत आमगांव में दिनदहाड़े एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या का वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी युवती के गले पर चाकू से वार करते नजर आ रहा है। ये वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बनाया है, लेकिन युवती को बचाने की किसी की हिम्मत कोई नहीं जूटा पाया।
यह घटना बैहर के आमगांव में मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे के आस पास की है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाते हुए हत्या करने का कारण पूछा, इस पर आरोपी ने कहा- 5 साल से मेरे साथ थी। साथ में जीना-मरना सबकुछ था। अब धोखा दे रही है। अपने दोस्त-भाइयों के साथ मिलकर मारने के लिए मेरे घर लड़के भेजे। लड़के रास्ते में मुझे रोककर मारने के लिए तैयार थे।
एक महिला ने कहा कि लड़की की जान क्यों ले रहा है तो आरोपी बोला- जान बच जाएगी उसकी। पुलिस को बुलाओ और इसको लेकर जाओ।
वहीं वारदात से गुस्साए युवती के परिजन और गांव वाले बैहर थाने के सामने इकट्ठा होकर धरने पर बैठ गए हैं। उनकी मांग है कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, आरोपी को फांसी की सजा और उसके घर तोड़ा जाए।
घटना को लेकर लोगों में आक्रोश
युवती की हत्या से परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस हालात काबू करने में लगी है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या की गई है। युवती की पहचान आमगांव निवासी ऋतु भंडारकर (23) के रूप में हुई है।
बस का इंतजार कर रही थी युवती
एएसपी आदर्श कांत शुक्ला ने बताया कि ऋतु बैहर में एक फर्नीचर की दुकान पर काम करती थी। वह रोजाना गांव से बस से आना-जाना करती थी। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आमगांव फाटा पर बस का इंतजार कर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान आरोपी युवक आया। वो एक बाइक से लिफ्ट लेकर आया था। उसने कुछ देर ऋतु से बात की। फिर दोनों में बहस शुरू हो गई। तभी युवक ने चाकू निकाल लिया और युवती पर वार करना शुरू कर दिया। युवती लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गई। इसके बाद भी आरोपी गले पर वार करता रहा। आरोपी के हाथ में चाकू देखकर किसी की उसके पास जाने की हिम्मत नहीं हुई।
युवती के दुपट्टे से खून से सने हाथ पोंछे
आरोपी युवती के दुपट्टे से ही खून से सने हाथ पोंछे। मौके पर भीड़ जमा हो गई। जब पुलिस पहुंची तो आरोपी बेहोशी की हालत में मिला। साथ ही खून से सना चाकू और दोनों के मोबाइल भी पड़े मिले। पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर लिए हैं।
युवती ने बात करना बंद कर दिया था
ज्ञात हो कि आरोपी गड़ी के मोतीनाला का रहने वाला है। फिलहाल उसका नाम सामने नहीं आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि दोनों एक-दूसरे को पांच साल से जानते थे। कुछ दिन से युवती ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। यह बात आरोपी को नागवार गुजरी। गांव में युवती के माता-पिता और छोटा भाई है। छोटा भाई बालाघाट में पढ़ाई करता है।
इन्होने कहा:-
शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
*आदर्श कांत*
अतिरिक्त पुलिस अधिक्षक बैहर



