बरेली
पुलिस ने 1033 डिब्बी नकली सिगरेट और रैपर के 10 पैकेट बरामद किए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बारादरी पुलिस ने नकली सिगरेट बनाने वाले फैक्ट्री पर छापेमारी कर भंडाफोड़ किया है। यहां पर काफी समय से नामी ब्रांड गोल्ड फ्लैक के नकली रैपर लगाकर असली के नाम पर बेच रहा था। पुलिस ने मौके से सात कार्टन नकली सिगरेट और रैपर के 10 पैकेट बरामद किए हैं। इनमें 1033 डिब्बी नकली सिगरेट भरी गई थी। मौके से पुलिस ने आरोपी संचालक हैदराबाद खरऊआ, थाना सीबीगंज निवासी देवमूर्ति साहू को गिरफ्तार भी किया है।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि थाना क्षेत्र के एकता नगर निवासी सचिन भारद्वाज ने बताया कि वह मौजूदा समय में गगन गुटखा और गोल्ड फ्लैक सिगरेट के बरेली जिले के डीलर हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि एक सर्वे के दौरान पता चला कि गोल्ड फ्लैक सिगरेट और अन्य सिरगेटों को गोल्ड फ्लैक के नकली रैपरों में रखकर धोखाधड़ी कर नकली सिगरेटों की डिब्बियों को असली के रूप में बेचा जा रहा है। इस पर पुलिस की टीम ने माधोबाड़ी में देवमूर्ति साहू के गोदाम पर छापेमारी की। जहां पर गोल्ड फ्लैक के 12 डिब्बे, जिसमें कुल 287 डिब्बी ,गोल्ड फ्लैक का बड़ा पैकेट 9 डिब्बे, कुल 180 डिब्बी है। साथ में गोदान गरम सिगरेट के 11 डिब्बा जिसमें 220 डिब्बी, सिगरेट के 17 पैकेट कुल 204 डिब्बी, रसियन माया ब्रांड की हुक्का फ्लेवर सिगरेट के छह पैकेट कुल 60 डिब्बी समेत अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने आरोपी संचालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी देवमूर्ति ने बताया कि वह गोल्ड फ्लैक जैसी हूबहू पैकिंग वाले नकली रैपर तैयार करता था और उन्हेंव असली बताकर बाजार में बेचता था। साथ ही बताया कि वह पहले सेल्समैन का काम करता था, जिससे उसका खर्चा पूरा नहीं हो पा रहा था। कम्पनी में जो माल खराब हो जाता था तो कम्पनी उस माल को नष्ट करने के लिए देती थी। उसी को लाकर यहां रैपर लगाकर बाजारों में बेच कर मोटा मुनाफा कमाता था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



