सिंगरौली

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री द्वारा छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक

“मुस्कान विशेष अभियान” के तहत डी. पॉल विद्यालय विंध्यनगर में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

सिंगरौली । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन में, तथा रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक हेमन्त चौहान, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले में दिनांक 01 से 30 नवम्बर 2025 तक “मुस्कान विशेष अभियान” संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित करना तथा विद्यालयों में छात्र–छात्राओं को महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, मानव तस्करी, साइबर अपराध, गुड टच–बैड टच एवं विभिन्न सामाजिक दुष्प्रवृत्तियों के प्रति जागरूक करना है।
डी. पॉल विद्यालय विंध्यनगर में आयोजित कार्यक्रम
आज “मुस्कान विशेष अभियान” के अंतर्गत डी. पॉल विद्यालय विंध्यनगर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री द्वारा छात्र–छात्राओं को संबोधित किया गया। उन्होंने छात्रों को साइबर फ्रॉड, मोबाइल के दुरुपयोग, सोशल मीडिया सुरक्षा, कठिन विषयों को सरल तरीके से समझकर पढ़ने, आत्मविश्वास बढ़ाने और निरंतर परिश्रम करने के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि कमजोर विद्यार्थी हताश न हों, बल्कि एकाग्रता और नियमित अभ्यास के माध्यम से सफलता अवश्य प्राप्त करें। साथ ही, बालक–बालिकाओं के बीच किसी भी प्रकार के भेदभाव को अस्वीकार्य बताते हुए सामाजिक समानता, संवेदनशीलता और कठिन परिस्थिति में तुरंत शिकायत करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, ह्यूमन ट्रैफिकिंग, बाल सुरक्षा और सामाजिक दुष्प्रवृत्तियों पर आधारित शॉर्ट मूवी का प्रदर्शन किया गया, जिससे बच्चों में जागरूकता और आत्मरक्षा की समझ विकसित हुई।
सिंगरौली पुलिस की उपलब्धि — गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने यह भी बताया कि— “यह हमारे लिए बड़े हर्ष का विषय है कि आज डी. पॉल स्कूल में हम सब एक साथ जुड़े हैं। ‘मुस्कान विशेष अभियान’ पूरे मध्यप्रदेश में 01 नवम्बर से निरंतर जारी है। इस अभियान के अंतर्गत नाबालिग और माइनर बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके माता-पिता तक पहुँचाने का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जा रहा है। सिंगरौली जिले में इस माह 11 बच्चे गुमशुदा थे, उन सभी को सिंगरौली पुलिस द्वारा सकुशल दस्तयाब कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त, पिछले माह के 16 अन्य गुमशुदा बच्चों को भी विभिन्न जिलों और राज्यों से खोजकर उनके परिजनों को सौंपा गया है। जो बच्चे अभी भी मिसिंग हैं, उनके लिए विशेष टीमें लगातार कार्यरत हैं, और बहुत शीघ्र ही उन्हें भी खोज निकाला जाएगा।”
अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते, थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना दिवेदी, उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, विद्यालय के प्राचार्य जॉबी जोसेफ, शिक्षकगण, छात्र–छात्राएँ एवं पुलिस अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button