कर्माटांड़ में विश्व शौचालय दिवस पर कार्यशाला आयोजित
Workshop organized on World Toilet Day in Karmatand

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखंड क्षेत्र अन्तर्गत प्रखंड सभागार, करमाटांड़ विद्यासागर में विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर “हमारा शौचालय हमारा सम्मान” थीम पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के प्रखंड समन्वयक मो. आलम अंसारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यशाला में क्षेत्र के सभी जल सहिया शामिल हुईं और शत-प्रतिशत शौचालय उपयोग सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशानिर्देश दिए गए। मो. आलम अंसारी ने सभी कहा कि हर गांव में प्रत्येक परिवार शौचालय का नियमित उपयोग करे और उसके समुचित रख-रखाव के प्रति जागरूक हो, यह सुनिश्चित करना जल सहिया की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता सिर्फ सुविधा ही नहीं, बल्कि सम्मान और स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता रैली, साफ-सफाई अभियान तथा शौचालय उपयोग को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न गतिविधियों के आयोजन का भी निर्देश दिया। कार्यशाला के दौरान सभी जल सहिया को यह भी बताया गया कि जिन लाभुकों के पास विभिन्न आवास योजनाओं का लाभ है, परंतु उनके घर में शौचालय अब तक नहीं बना है, उनके आधार कार्ड और बैंक खाता की छायाप्रति एक सप्ताह के भीतर प्रखंड स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण प्रोकोष्ठ कार्यालय में जमा की जाए। ताकि किसी भी पात्र लाभुक को योजना से वंचित न रहना पड़े। इसके साथ ही विश्व शौचालय दिवस के तहत “हमारा शौचालय हमारा भविष्य” थीम पर 19 नवंबर 2025 से 10 दिसंबर 2025 तक विशेष अभियान चलाने की भी घोषणा की गई। इस अभियान के तहत हर जल सहिया अपने-अपने ग्राम में बने शौचालयों के लाभुकों के साथ शौचालय उपयोग की सेल्फी, स्वच्छता गतिविधियों की तस्वीरें और छोटे वीडियो समूह में भेजेंगी, ताकि बेहतर कार्य का आदान-प्रदान हो सके। आज की कार्यशाला में जल सहिया लक्ष्मी रानी, गुलशन जहां, यशोदा कुमारी, रोजीना खातून, सरिता देवी, माला देवी, गीता देवी, मुन्नी देवी, प्रियंका कुमारी और सरिता देवी सहित कई अन्य जल सहिया ने शौचालय उपयोग और स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि हर गांव स्वच्छ, स्वस्थ और शत-प्रतिशत शौचालय उपयोग वाला बनेगा।



