गोड्डा
महागामा के सरभंगा पैक्स में धान क्रय केंद्र का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा। महागामा प्रखंड अंतर्गत सरभंगा पैक्स परिसर में धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में मुखिया रिंकू देवी, पंचायत समिति सदस्य सरिता कुमारी, ग्राम प्रधान अशोक कुमार झा तथा पैक्स अध्यक्ष राजेंद्र कृष्ण ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया रिंकू देवी ने कहा कि समय पर धान क्रय केंद्र खुलने से क्षेत्र के छोटे एवं सीमांत किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब किसानों को दूर-दराज के केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।पंचायत समिति सदस्य सरिता कुमारी ने कहा कि सरभंगा पैक्स में धान क्रय शुरू होने से पंचायत सहित आसपास के गांवों के किसानों को धान बिक्री में बड़ी सुविधा मिलेगी। सरकार की इस पहल से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो सकेगा। वहीं, ग्राम प्रधान अशोक कुमार झा ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में सरभंगा पैक्स में धान अधिप्राप्ति केंद्र की शुरुआत की गई है, ताकि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो और किसानों को सीधे लाभ मिले।पैक्स अध्यक्ष राजेंद्र कृष्ण ठाकुर ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान अपना धान अच्छी तरह साफ-सुथरा कर पैक्स में लाएं और किसी भी स्थिति में बिचौलियों को धान न बेचें। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य ₹2450 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिसका पूरा लाभ किसान उठाएं।उद्घाटन समारोह में उदय कांत ठाकुर, प्रमोद कुमार झा, सुरेंद्र शाह, गिरिजा देवी, कुंती देवी, विभाष झा, नागेंद्र ठाकुर, राम प्रसाद मांझी, संजय दास, कुमार साह, मुरलीधर ठाकुर, मोहम्मद नसीम परवेज, गौतम मंडल, राजेंद्र शाह, अगस्त पंडित, सुगंधा देवी, गोपाल मंडल, रविंद्र राय, अभिषेक शाह, मोहम्मद अशफाक, हारून, दीप नारायण मंडल, पांचू यादव, पंचानन ठाकुर, मनोज ठाकुर, विनोद शाह, नवीन ठाकुर, कुलदेव मंडल, सुनील शाह, अनीता देवी, मंटु कुमार पंडित सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे।धान क्रय केंद्र के शुभारंभ से क्षेत्र में किसानों में उत्साह देखा गया और सभी ने इसे किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।



