बागपत
“सुन लो सुन लो हरित प्राण का संदेश” सॉन्ग ने मचाया तहलका
पर्यावरण के प्रति जागरूकता की नई मिसाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। पर्यावरण संरक्षण को लेकर बनाए गए जागरूकता गीत “सुन लो सुन लो हरित प्राण का संदेश” इन दिनों सोशल मीडिया और आम जनमानस में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर रहा है। यह सॉन्ग न केवल कानों को सुकून देता है, बल्कि दिलों को भी प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश देता है। लोग इसे बेहद पसंद कर रहे हैं और लगातार लाइक व शेयर कर रहे हैं।
दरअसल यह सॉन्ग हरित प्राण ट्रस्ट की प्रेरणादायक सोच और निस्वार्थ कार्यों को समर्पित है। हरित प्राण ट्रस्ट एक ऐसा सामाजिक समूह है, जो बिना किसी स्वार्थ और बिना किसी आर्थिक लाभ की अपेक्षा किए पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा बड़े पैमाने पर पेड़-पौधे लगाए जा रहे हैं और उनकी देखरेख भी पूरी जिम्मेदारी के साथ की जाती है।
हरित प्राण ट्रस्ट की सबसे अनोखी और सराहनीय पहल है “हरित एम्बुलेंस”। इस एम्बुलेंस के माध्यम से बीमार, क्षतिग्रस्त या दुर्घटनाग्रस्त पेड़-पौधों का उपचार किया जाता है, जो अपने आप में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव प्रयास है। यह पहल लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि पेड़ भी जीवित प्राणी हैं और उन्हें भी उपचार व देखभाल की आवश्यकता होती है।
हाल ही में ट्रस्ट द्वारा देहरादून कॉरिडोर पर लगभग 11 किलोमीटर लंबी पट्टी को गोद लिया गया है, जहाँ बड़े सलीके और वैज्ञानिक तरीके से हरित पट्टी विकसित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह प्रयास आने वाले समय में न केवल पर्यावरण को शुद्ध बनाएगा, बल्कि राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनेगा।
उक्त सॉन्ग ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. दिनेश बंसल के नाम से तैयार किया गया है, जिनके नेतृत्व में हरित प्राण ट्रस्ट लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है। यह गीत ट्रस्ट के सदस्यों के साथ-साथ आम जनता में भी बेहद लोकप्रिय हो रहा है और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
निस्संदेह, “सुन लो सुन लो हरित प्राण का संदेश” केवल एक गीत नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ने और उसे बचाने की एक सशक्त पुकार है, जो समाज में हरियाली के प्रति चेतना जगा रही है।



