लोहड़ी व मकर संक्रान्ति के अवसर पर मेरठ रेंज में कड़े सुरक्षा प्रबंध
23 राजपत्रित अधिकारी व 1059 पुलिसकर्मी तैनात
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। लोहड़ी एवं मकर संक्रान्ति पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 13 जनवरी को लोहड़ी तथा 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाता है। इन अवसरों पर गुरुद्वारों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी व शोभायात्राएं निकलती हैं, वहीं मकर संक्रान्ति पर स्नान, मेले तथा खिचड़ी वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इन्हीं को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
डीआईजी ने बताया कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेरठ रेंज के विभिन्न जनपदों में कुल 23 राजपत्रित अधिकारियों सहित 1059 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 18 क्षेत्राधिकारी, 57 निरीक्षक, 232 उप निरीक्षक, 225 मुख्य आरक्षी, 322 आरक्षी एवं 223 होमगार्ड/पीआरडी शामिल हैं। परिक्षेत्र में कुल 117 गुरुद्वारे हैं, जिनमें से 54 गुरुद्वारों में लोहड़ी के अवसर पर विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त 62 अन्य स्थानों पर कीर्तन, पाठ व प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मकर संक्रान्ति पर्व के मद्देनज़र मेरठ रेंज में कुल 26 स्नान घाटों एवं मेला स्थलों को चिन्हित किया गया है, जहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही 22 स्थानों पर कीर्तन, प्रसाद एवं खिचड़ी वितरण के कार्यक्रम आयोजित होंगे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी जनपदों में पुलिस द्वारा पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, शांति समितियों, आयोजकों एवं संभ्रांत व्यक्तियों के साथ 88 गोष्ठियां आयोजित की जा चुकी हैं।
डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र ने सभी जनपद प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए, प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग की जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके साथ ही अफवाहों पर नियंत्रण और सोशल मीडिया की सतत निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं। स्नान घाटों पर जल पुलिस, गोताखोरों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि लोहड़ी व मकर संक्रान्ति का पर्व पूरे मेरठ परिक्षेत्र में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।


