हापुड़

हापुड़ का वीर सपूत रिंकल बालियान डोडा में हुआ शहीद, गांव में शोक की लहर…

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो

हापुड़ (यूपी) – जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे में भारतीय सेना का एक बुलेटप्रूफ ट्रक भदरवाह-तंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर लगभग 200 फीट गहरी खाई में गिर गया । इस भीषण दुर्घटना में देश के लिए कर्तव्य निभाते हुए 10 जवान शहीद हो गए, जबकि 11 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे में शहीद हुए जवानों में हापुड़ जनपद के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भटैल निवासी रिंकल बालियान भी शामिल हैं। जैसे ही शहादत की सूचना गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और हर कोई इस वीर सपूत को याद कर रहा है।
बताया गया कि रिंकल बालियान वर्ष 2016 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में डोडा में तैनात थे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुए थे, बाद में इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की । शहीद जवान की मां मंजू देवी और पत्नी रिंकी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं और रिश्तेदार उन्हें सांत्वना दे रहे हैं। करीब पांच वर्ष पूर्व 2019 में रिंकल की शादी हुई थी। उनके परिवार में तीन साल की एक बेटी और एक साल का बेटा है। गौर करने वाली बात यह भी है कि शहीद रिंकल का छोटा भाई ऋषभ बालियान भी भारतीय सेना में सेवारत है। जबकि पिता सेना से रिटायर हो चुके हैं ।

परिजन और ग्रामीण शहीद जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि कल दोपहर तक शव गांव में पहुंचेगा, जहां सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शोक व्यक्त करने के लिए शहीद के घर पहुंच रहे हैं।

हालांकि डीएम अभिषेक पांडे और एस पी कुंवर ज्ञानंजय सिंह शहीद रिंकल के घर पर उनके परिजनों को सांत्वना देने पहुंच गए । लेकिन वहीं भाजपा के किसी नेता या विधायक के शहीद के घर अभी तक नहीं पहुंचने के कारण शहीद के परिजनों और ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की है ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button