केन्द्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी ने बाउल संगीत कार्यक्रम का किया उद्घाटन
Central Committee member Upasana Marandi inaugurated the Baul music programme.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया, पाकुड़। सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर श्री श्री 1008 सरस्वती पूजा समिति, बंगालीपाड़ा पाकुड़िया द्वारा आयोजित प्रसिद्ध बाउल संगीत कार्यक्रम का उद्घाटन झामुमो की केंद्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी ने किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो भी उपस्थित थे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि बाउल संगीत हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो रहस्यवाद और ग्रामीण परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि बाउल संगीत पश्चिम बंगाल, झारखंड सहित पड़ोसी राज्यों में अत्यंत लोकप्रिय लोक संगीत विधा है। उन्होंने सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर लोक संगीत कार्यक्रम के आयोजन के लिए पूजा समिति के सदस्यों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। यह एक सराहनीय पहल है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के दौरान बाउल कलाकारों ने अपनी पारंपरिक गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह आयोजन स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से किया गया था।



