अमरोहा
अमरोहा पुलिस ने जिला अस्पताल में महिलाओं को सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित MissionShakti5 विशेष अभियान के तहत अमरोहा पुलिस लगातार सक्रिय है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक अमरोहा, अमित कुमार आनंद के कुशल निर्देशन में महिला सुरक्षा दल थाना अमरोहा देहात ने जिला अस्पताल परिसर में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
अभियान के दौरान शक्ति दीदी और बीट महिला आरक्षियों ने अस्पताल में आने वाली महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। पुलिस टीम ने उन्हें सुरक्षा संबंधी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और पैम्पलेट वितरित किए। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। अमरोहा पुलिस ने
इसके साथ ही, टीम ने बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, फोन पर ओटीपी (OTP) साझा न करने और सोशल मीडिया पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय समझाए। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बनाना है।


