मंडल कारा में देर रात विशेष औचक छापेमारी, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की इशारा
A special surprise raid in the Mandal prison late at night, hinting at a strong security system.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर शनिवार देर रात मंडल कारा में विशेष औचक छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी श्री साईमन मरांडी ने किया। इस दौरान कई थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने जेल परिसर का गहन निरीक्षण किया। छापेमारी के समय कारा अधीक्षक भी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा पुरुष एवं महिला कैदी वार्ड, कैदी अस्पताल, रसोईघर सहित मंडल कारा के सभी महत्वपूर्ण स्थानों की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक, प्रतिबंधित अथवा संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था के पूरी तरह सुदृढ़ एवं नियंत्रित होने की पुष्टि हुई। निरीक्षण के उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने बताया कि यह कार्रवाई जेल में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा के उद्देश्य से की गई थी। निरीक्षण के दौरान सभी वार्ड नियमों के अनुरूप पाए गए तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि का कोई प्रमाण नहीं मिला। उन्होंने कैदियों से संवाद भी स्थापित किया, जिसमें किसी भी कैदी द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इसके साथ ही जेल परिसर की साफ-सफाई, अस्पताल की व्यवस्था, भोजन व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं संतोषजनक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं। छापेमारी अभियान के दौरान अंचलाधिकारी पाकुड़, नगर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित थे।



