बागपत
बागपत वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वन्य जीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश
हरियाणा बॉर्डर से 7 शातिर तस्कर गिरफ्तार, गीदड़ समेत कई वन्य जीवों के अवशेष बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। जनपद बागपत में वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में वन विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वन विभाग की टीम ने वन्य जीव तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। हरियाणा बॉर्डर क्षेत्र के पास घेराबंदी कर वन्य जीवों का अवैध शिकार एवं तस्करी करने वाले 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वन विभाग द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5 मरे हुए गीदड़, एक जंगली बिल्ली, एक बज्जू तथा टटीरी प्रजाति का वन्य जीव बरामद किया गया है। इसके साथ ही शिकार में प्रयुक्त किए जाने वाले 42 खटके, बल्लम, एवं अन्य धारदार हथियार भी जब्त किए गए हैं, जो वन्य जीवों के अवैध शिकार में इस्तेमाल किए जा रहे थे।
वन विभाग के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से जंगलों में सक्रिय था और सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर व खटकों के माध्यम से वन्य जीवों का शिकार करता था। शिकार किए गए वन्य जीवों को बाद में तस्करी के जरिए विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाता था। विभाग को इस गिरोह की गतिविधियों को लेकर लगातार गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं।
सूचनाओं के आधार पर वन विभाग की टीम ने रणनीति बनाकर हरियाणा बॉर्डर क्षेत्र में सघन निगरानी शुरू की और उपयुक्त समय पर घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान खन्ना नाथ, दुलीचंद, साजन नाथ, बाली नाथ, विकास, अर्जुन एवं रोहन कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी जनपद सोनीपत (हरियाणा) के निवासी बताए जा रहे हैं।
फिलहाल वन विभाग की टीम आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, तस्करी के नेटवर्क तथा सप्लाई चैन से संबंधित अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं। साथ ही तस्करी के संभावित ठिकानों की भी तलाश की जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन्य जीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं वन्य जीवों से जुड़ी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें।



