ललितपुर
अवैध रुपयों की मांग कर पति देता था ब्लैकमेल करने की धमकी
महिला की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम रोंडा में रहने वाली सीतू राजा पुत्री महेन्द्र सिंह बुन्देला ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। बताया कि उसका विवाह विगत 16 वर्ष पहले झांसी महानगर के नगरा के राजीव नगर निवासी उदय प्रताप सिंह परमार पुत्र जयपाल सिंह परमार के साथ हिन्दी रीति रिवाज के अनुसार सम्पन्न हुआ था। शादी के बाद उसे एक पुत्र तनिस राज भी है, जिसकी उम्र वर्तमान में 8 वर्ष है। सीतू राजा का आरोप है कि शादी के बाद से उसका पति आये दिन गाली-गलौज करते हुये मारपीट करता था, जिस कारण पति ने ही उसे करीब पांच वर्ष पहले पुत्र सहित घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से अब तक वह अपने मायके ग्राम रोंडा में ही निवासरत है। बताया कि जब भी वह अपने ससुराल जाती है तो उसका पति गालियां देते हुये घर से निकाल देता है। अब वह मेहनत-मजदूरी करके अपना व बच्चे का भरण-पोषण करती है। यह भी बताया कि पति बार-बार फोन करके गालियां देता है और उसकी ननद शिल्पा राजा, ससुर जयपाल सिंह परमार, सास कृष्णा राजा एकराय होकर उसे प्रताडि़त करते हैं और उसके साथ मारपीट करते रहते हैं। सीतू राजा का आरोप है कि पति द्वारा अवैध रुपयों की मांग की जाती है और पैसे न देने पर ब्लैकमेल करने की धमकी देते हुये पति द्वारा आत्महत्या करने की भी धमकी दी जाती है। पीडि़ता सीतू राजा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 352, 115 (2), 351 (2) व दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।



