प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त ने ग्राम उत्थान शिविरों का किया सघन निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। राज्य सरकार की सशक्त किसान-समृद्ध राजस्थान की संकल्पना को साकार करने एवं अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से प्रभारी सचिव डीग एवं संभागीय आयुक्त भरतपुर श्रीमती नलिनी कठोतिया ने गुरुवार को ग्राम पंचायत निगोही एवं ऊदाका में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए शिविरों में संचालित विभिन्न विभागों की गतिविधियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया और अधिकारियों को जनसेवा के प्रति पूर्णतः उत्तरदायी रहने के निर्देश दिए।
श्रीमती कठोतिया ने शिविर स्थल पर पहुँचकर वहाँ स्थापित सभी 12 विभागों के स्टॉलों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक विभाग के काउंटर पर जाकर पंजीयन की स्थिति, लंबित आवेदनों के निस्तारण की प्रक्रिया और आमजन को दी जा रही जानकारी के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत समीक्षा की। संभागीय आयुक्त ने निर्देशित किया कि इन शिविरों की सार्थकता तभी है जब पात्र व्यक्ति को भटकना न पड़े और उसे एक ही छत के नीचे त्वरित समाधान प्राप्त हो। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता अक्षम्य होगी।
कृषि प्रधान क्षेत्र की आवश्यकताओं को देखते हुए श्रीमती कठोतिया ने ग्राम पंचायत ऊदाका में कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। उन्होंने उपस्थित कृषकों को वैज्ञानिक कृषि पद्धति अपनाने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि मृदा परीक्षण के उपरांत संतुलित उर्वरक उपयोग से न केवल लागत में कमी आएगी, बल्कि उत्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक रामकुंवार जाट ने प्रभारी सचिव को विभाग द्वारा प्रदत्त विभिन्न अनुदानों एवं तकनीकी नवाचारों से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार की तारबंदी योजना के दूरगामी परिणामों पर भी चर्चा हुई। ग्राम बाबेन के प्रगतिशील कृषक जगदीश का उदाहरण देते हुए प्रभारी सचिव ने बताया कि ₹48,000 के राजकीय अनुदान का लाभ उठाकर उन्होंने अपने खेत की सुरक्षा सुनिश्चित की है। इस योजना के माध्यम से जंगली जानवरों व आवारा पशुओं से होने वाली फसल क्षति पर प्रभावी अंकुश लगा है, जो अन्य कृषकों के लिए एक प्रेरक दृष्टांत है। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जुड़ने का आह्वान किया ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि हो सके।
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे



