
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद) : उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के महासचिव श्री अकबर चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज गाजियाबाद कमिश्नर कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अकबर चौधरी ने बताया कि 30 सितंबर 2025 की शाम गरिमा गार्डन (थाना टीला मोड़) में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता ईशू चौधरी उर्फ अन्नू चौधरी द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भारी भीड़ जुटाई गई थी। कार्यक्रम में
भूपेंद्र चौधरी (राष्ट्रीय अध्यक्ष, हिंदू रक्षा दल), साध्वी आस्था मां, अभिषेक ठाकुर, दक्ष चौधरी, विनय हिंदू, युद्धि राणा, मोना चौधरी और शिव मलिक जैसे लोगों को बुलाया गया था।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान इन व्यक्तियों ने भड़काऊ भाषण देकर सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, हालांकि दोनों समुदायों के लोगों ने शांति और सौहार्द बनाए रखा।
अकबर चौधरी ने कहा कि पुलिस ने केवल औपचारिक रूप से FIR दर्ज की है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने थाने में पुलिसकर्मियों के साथ हंसते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न उठते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कमिश्नर से मांग की कि सभी आरोपियों के नाम FIR में शामिल किए जाएँ, और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए।
इस पर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ ने आश्वासन दिया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमसम्मत कार्रवाई की जाएगी और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान
अल्पसंख्यक महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वली हसन, जिला उपाध्यक्ष हाजी खुर्शीद रंगरेज, मुरसलीन चौधरी वार्ड 66 व 64 मंडल अध्यक्ष मुन्तयाज सैफी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



