
किसानों की शिकायतों पर आवास आयुक्त ने लिया संज्ञान, ए.के. मित्तल बने नए अधीक्षण अभियंता; 15 दिन में फिर होगी समीक्षा बैठक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद) : मंडोला विहार योजना से प्रभावित किसानों द्वारा भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में चल रहे धरना-प्रदर्शन को लेकर आज आवास विकास परिषद, लखनऊ मुख्यालय में आवास आयुक्त की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक करीब तीन घंटे तक चली और माहौल सकारात्मक रहा।
बैठक के दौरान किसान प्रतिनिधियों ने अपने पक्ष रखते हुए अधीक्षण अभियंता राकेश चंद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। किसानों का आरोप था कि उन्होंने पिछले आठ महीनों से किसानों के साथ कोई बैठक नहीं की, जिससे संवादहीनता बनी रही।
किसानों की इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए परिषद ने तुरंत कार्रवाई की और राकेश चंद्र का तत्काल तबादला कर दिया। उनकी जगह ए.के. मित्तल को मंडोला विहार योजना का नया अधीक्षण अभियंता नियुक्त किया गया।
बैठक में किसानों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। हालांकि, कुछ विषयों पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका, इसलिए यह तय हुआ कि अगली समीक्षा बैठक 15 दिनों के भीतर आयोजित की जाएगी।
इस बीच, मंडोला विहार योजना कार्यालय परिसर में किसानों का धरना-प्रदर्शन उनकी मांगों पर सहमति बनने तक जारी रहेगा।
बैठक में आवास विकास परिषद की ओर से अधीक्षण अभियंता राकेश चंद्र, नव नियुक्त ए.के. मित्तल, अधिशासी अभियंता नीरज कुमार और सतेंद्र कुमार उपस्थित रहे। किसान पक्ष से भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि बिल्लू प्रधान, प्रवीण मालिक, मास्टर महेंद्र सिंह त्यागी, नीरज त्यागी, बॉबी त्यागी, शिव कुमार, रामनरेश, पवन त्यागी, गौरव त्यागी और सोनू कुमार बैठक में शामिल हुए।


