लखनऊ

यूपी टी-20 क्रिकेट लीग का धमाकेदार आगाज

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शुरू हुआ तीसरा सीजन

लखनऊ, 17 अगस्त 2025: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के तीसरे सीजन का शानदार आगाज आज से हो गया है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह टूर्नामेंट रोमांच और मनोरंजन का अनूठा संगम लेकर आया है। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड सितारों तमन्ना भाटिया और दिशा पटानी के ठुमकों के साथ-साथ सिंगर सुनिधि चौहान की मधुर प्रस्तुति ने समां बांध दिया।

यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. डीएस चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “पिछले सीजन की सफलता के बाद इस बार हमने तकनीकी और आयोजन के स्तर पर कई सुधार किए हैं। इस सीजन में 13 ऐसे खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिन्होंने आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट का अनुभव मिलेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि बीसीसीआई की विशेष टीम भ्रष्टाचार और फिक्सिंग जैसी गतिविधियों पर नजर रखेगी, ताकि खेल की शुचिता बनी रहे।

टूर्नामेंट में इस बार लीग में छह टीमें- लखनऊ फॉल्कंस, कानपुर सुपरस्टार्स, गोरखपुर लायंस, मेरठ मावरिक्स, नोएडा किंग्स और काशी रुद्रास- खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी। टूर्नामेंट में कुल 34 मैच खेले जाएंगे, जो 6 सितंबर तक चलेंगे। सभी मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे और इनका प्रसारण टीवी व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। दूसरे मैच से दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

पहला मुकाबला और प्रदर्शन: उद्घाटन मैच में काशी रुद्रास और मेरठ मावरिक्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें रिंकू सिंह की अगुवाई वाली काशी रुद्रास ने जीत हासिल की। इसके अलावा, लखनऊ फॉल्कंस ने भुवनेश्वर कुमार के नेतृत्व में अभ्यास सत्र में शानदार प्रदर्शन दिखाया, जिससे प्रशंसकों में उत्साह है। इस बार लीग में डॉग कैमरा और फील्ड प्लेसमेंट कैमरा जैसे तकनीकी नवाचार शामिल किए गए हैं, जो दर्शकों को बल्लेबाजों के शॉट्स की गति और ऊंचाई की जानकारी देंगे। यूपीसीए के अध्यक्ष निधिपति सिंहानिया ने कहा। यह सीजन युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का शानदार मंच प्रदान करेगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यूपीसीए के निदेशक डॉ. डीएस चौहान ने मुलाकात कर टूर्नामेंट के आयोजन के लिए उनका मार्गदर्शन और समर्थन प्राप्त किया। यूपी टी-20 लीग का यह तीसरा संस्करण न केवल क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्साह का केंद्र है, बल्कि उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button