22 जनवरी को होगी अधिवक्ताओं की महापंचायत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुसाफिरखाना अमेठी। एसडीएम के कार्य व्यवहार के विरोध में तहसील परिसर में अधिवक्ताओं का आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की। यह आंदोलन बीते 30 दिसंबर से लगातार चल रहा है, जिसके कारण तहसील में न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है। अधिवक्ताओं के आंदोलित रहने के कारण न्यायालयों के बंद रहने से दूर-दराज से आने वाले वादकारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ठंड के मौसम में लोग मुकदमों की पैरवी के लिए आते हैं, लेकिन अगली तारीख लेकर लौटने को मजबूर होते हैं।
प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं की एक बैठक का आयोजन बार सभागार में हुई। जिसमें विचार विमर्श के बाद पहले से 15 जनवरी को प्रस्तावित महापंचायत उस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित हो जाने के कारण स्थगित करने का फैसला लिया गया। अब सर्वसम्मति से 22 जनवरी को महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। जिसमें अधिवक्ता एकजुट होकर अपनी मांगों को मजबूती से रखेंगे।


