ललितपुर
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में राजस्व व विकास कार्यों में जनपद को मिला 09 वां स्थान
खराब प्रगति वाले 4 अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब, एक माह के भीतर प्रगति सुधारने का डीएम ने दिया अल्टीमेटम

हर ब्लॉक में दुग्ध उत्पादन व अण्डा उत्पादन इकाई संचालित करने हेतु करें प्रयास: डीएम
पर्यटन विभाग द्वारा संचालित बेड एण्ड ब्रेकफास्ट योजना में अधिक से अधिक पंजीकरण कराने पर दिया जोर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने बुधवार को कलैक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए जनपद के विकास कार्यों की प्रगति जानी और खराब प्रगति वाले अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब करते हुए एक माह के भीतर प्रगति सुधारने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि जनपद की रैंकिंग खराब करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जायेंगे, यदि इसके बाद भी प्रगति में अपेक्षित सुधार नहीं होगा तो सम्बंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बताया गया कि प्रदेश की रैंकिंग में ललितपुर को राजस्व मामलों में 09वा स्थान, विकास में 17वा एवं राजस्व व विकास में 09वां स्थान मिला है। समीक्षा के दौरान अल्पसंख्यक वर्ग कल्याण विभाग, कृषि विभाग, भूमि संरक्षण विभाग और मत्स्य विभाग की योजनाओं की प्रगति खराब होने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी और सहायक निदेशक मत्स्य का स्पष्टीकरण तलब किया, इसके साथ ही उद्योग, बेसिक शिक्षा, नई सड़कों के निर्माण, मत्स्य पट्टों, राज्य कर, निर्माण कार्यों आदि में की प्रगति में गिरावट के दृष्टिगत सम्बंधित अधिकारियों को एक माह का अल्टीमेटम देते हुए प्रगति सुधारने के कड़े निर्देश दिये गए। इसी श्रंखला में फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान मृतक किसानों का डाटा डिलीट करने व किसान क्रेडिट कार्ड की लंबित पत्रावलियों का एलडीएम से समन्वय कर निस्तारित कराने के निर्देश दिये गए। पशु पालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में अण्डा उत्पादन इकाई की स्थापना के लिए लाभार्थियों को जागरुक करने के निर्देश दिये, साथ ही सभी अधिकारियों को पर्यटन विभाग की बेड एण्ड ब्रेकफास्ट योजना में अधिक से अधिक पंजीकरण कराने के लिए आमजन व स्थानीय कर्मचारी जिनके पास कम से कम 6 कमरों वाला मकान हो, के रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने डीसी एनआरएलएम को निर्देशित किया कि ब्लॉक स्तर पर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन इकाईध्कलैक्शन सेन्टर संचालित करायें। इसके अलावा सभी अधिकारी सूचना विभाग द्वारा प्रतिदिन प्रातरू उपलब्ध करायी जा रही निगेटिव न्यूज की निस्तारण आख्या दोपहर तक अनिवार्य रुप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि शाम तक शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, इसलिए सभी विभागों के साथ एक बैठक कर उनके व्यय व अवशेष बजट की समीक्षा कर लें। जीरो पॉवरटी अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि व अपने-अपने लक्ष्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चत करें, अगले हफ्ते इसकी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, उसमें किसी की भी प्रगति खराब न रहे। 24, 25 और 26 जनवरी को आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के सम्बंध में जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए निर्देश दिये कि अभी से आयोजन की तैयारियां पूर्ण कराना सुनिश्चित करें ताकि आयोजन पूरी भव्ययता के साथ सम्पन्न हो। इस दौरान सीडीओ शेषनाथ चौहान, पीडी डीआरडीए, डीडीओ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, सिंचाई, ग्रामीण अभियंत्रण एवं अन्य कार्यदायी विभागों के अधिशासी अभियंता, शिक्षा, कृषि, समाज कल्याण, महिला कल्याण, सूचना व अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



