जालौन

मल्लाहनपुरा का आयुष्मान आरोग्य मंदिर गांव से दूर, ग्रामीणों में आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजना का लाभ ग्राम पंचायत मल्लाहनपुरा के लोगों को नहीं मिल पा रहा है। आरोप है कि ग्राम मल्लाहनपुरा के नाम से स्वीकृत आयुष्मान आरोग्य मंदिर गांव में संचालित न होकर नगर पंचायत रामपुरा की सीमा अंतर्गत विकासखंड कार्यालय परिसर में चल रहा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि मल्लाहनपुरा और नगर पंचायत रामपुरा का आपस में कोई प्रशासनिक संबंध नहीं है, इसके बावजूद स्वास्थ्य केंद्र को गांव से दूर स्थापित कर दिया गया है। इससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत रामपुरा अंतर्गत ब्लॉक परिसर के जिस भवन में आरोग्य मंदिर संचालित होने का बोर्ड लगा है उसका उपयोग एक महिला स्वास्थ्य कर्मी द्वारा स्थायी निवास के रूप में किया जा रहा है, जो योजना की मंशा के विपरीत है। इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। ग्राम प्रधान ओम प्रकाश, पूर्व प्रधान श्याम चरण और भाजपा नेता रामकिशोर निषाद ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी जालौन से शिकायत करते हुए मांग की है कि ग्राम मल्लाहनपुरा के आरोग्य मंदिर को तत्काल गांव में ही संचालित कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विकासखंड कार्यालय परिसर में किसी ग्राम पंचायत की स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने का कोई औचित्य नहीं है। यह व्यवस्था न केवल प्रशासनिक दृष्टि से गलत है, बल्कि इससे आम जनता का विश्वास भी कमजोर हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर मामले पर क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को उनके अधिकार के अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं कब तक उपलब्ध हो पाती हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button