सिंगरौली
नगर निगम सिंगरौली वार्ड 38 तुलसी ढोटी में श्मशान घाट (मुक्तिधाम) भूमि पूजन हुआ संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी ढोटी में श्मशान घाट (मुक्तिधाम) के भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ज़िला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली (शहर) के अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप से उपस्थित रहे। भूमि पूजन कार्यक्रम पार्षद अनिल कुमार वैस एवं अपीलीय समिति सदस्य नगर निगम सिंगरौली एवं वार्ड वासियो की उपस्थिति में विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि श्मशान घाट जैसे मूलभूत एवं संवेदनशील कार्य समाज के प्रत्येक वर्ग की आवश्यकता से जुड़े होते हैं। मुक्तिधाम का निर्माण क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है, जिससे अंतिम संस्कार के समय लोगों को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दें। वार्ड 38 में मुक्तिधाम का निर्माण इसी दिशा में एक सार्थक पहल है। श्री चौहान ने पार्षद अनिल कुमार वैस एवं नगर निगम की टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य जनता के प्रति जवाबदेही को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम में पार्षद अनिल कुमार वैस ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए श्मशान घाट निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है और इसे शीघ्र पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिक, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मुक्तिधाम निर्माण को क्षेत्र के लिए आवश्यक एवं सराहनीय कदम बताया।



