सिंगरौली
ग्राम पंचायत टूसाखांड़ में मानक विहीन सड़क व पंचायत भवन निर्माण पर ग्रामीणों का आक्रोश
घटिया सामग्री के आरोप, एक सप्ताह में सड़क में दरारें, भवन के प्लास्टर में गुडवत्ता विहीन सामग्री

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सिंगरौली जिला के अंतर्गत जनपद पंचायत वैढ़न की ग्राम पंचायत टूसाखांड़ में सड़क और पंचायत भवन निर्माण में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों के विरोध के बाद गांव में भारी रोष का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पीसीसी सड़क का निर्माण मानक विहीन सामग्री से कराया गया, जिसके चलते महज एक सप्ताह में ही सड़क में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने लगी हैं। लोगों को आशंका है कि जिस गति से सड़क टूट रही है, वह एक वर्ष के भीतर पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो सकती है।
सड़क निर्माण में गंभीर गड़बड़ी के आरोप
उप सरपंच कुसुम शाह ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में अनिवार्य लोहे की सरिया नहीं डाली गई। जहां तय मानकों के अनुसार अधिक सीमेंट की आवश्यकता थी, वहां बेहद कम मात्रा में सीमेंट का उपयोग किया गया। रेत के स्थान पर भस्सी डालकर कंक्रीट तैयार की गई, जिससे सड़क की मजबूती शुरू से ही संदिग्ध रही। ग्रामीणों ने निर्माण के दौरान ही इन अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई जांच नहीं की गई। विरोध स्वरूप सड़क निर्माण से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
पंचायत भवन के प्लास्टर में भी घटिया सीमेंट का आरोप
इसी पंचायत में हाल ही में कराए गए पंचायत भवन के प्लास्टर कार्य पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लास्टर में निम्न गुणवत्ता की सीमेंट का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण दीवारों पर दरारें पड़ने लगी हैं और जगह-जगह प्लास्टर झड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तय तकनीकी मानकों की अनदेखी कर निर्माण कराया गया, जिससे सार्वजनिक भवन की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, तकनीकी परीक्षण करवाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पंचायत स्तर के निर्माण कार्यों में भी इस तरह लापरवाही होगी, तो शासकीय धन का दुरुपयोग लगातार बढ़ता रहेगा।



