असम

असम के 21 जिलों में बाढ़ से 12 लोगों की मौत, बाढ़ से 6.3 लाख से अधिक लोग हुए प्रभावित। 

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो,

असम : लगातार बारिश और ब्रह्मपुत्र नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण असम के  21 जिलों के 6.33 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, तथा बचाव और राहत कार्य जारी हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ( ASDMA ) के अनुसार, इस साल बाढ़ ने 12 लोगों की जान ले ली है, जबकि पांच और मौतें भूस्खलन के कारण हुई हैं। अकेले मंगलवार को ही दो बच्चों समेत छह और लोग बाढ़ के पानी में डूब गए। एएसडीएमए ने हैलाकांडी, श्रीभूमि, मोरीगांव , कछार, सोनितपुर और तिनसुकिया जिलों में एक-एक मौत की सूचना दी, जबकि कछार में एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली।इससे राज्य के 21 जिलों में 6.33 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें हैलाकांडी,  लखीमपुर, मोरीगांव , नगांव, श्रीभूमि, कामरूप, होजाई, काछार, गोलाघाट, डिब्रूगढ़, बरपेटा, बिस्वनाथ, सोनितपुर, धेमाजी, माजुली, कार्बी आंगलोंग पश्चिम, दरंग , शिवसागर, तिनसुकिया, दिमा-हसाओ और जोरहाट शामिल हैं। वर्तमान में 69 राजस्व सर्किलों के अंतर्गत 1506 गांव जलमग्न हैं, तथा 14,739.33 हेक्टेयर फसल क्षेत्र जलमग्न है। एएसडीएमए के अनुसार, श्रीभूमि जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 2,31,536 लोग प्रभावित हुए हैं, इसके बाद नागांव (99,819), कछार (89,344), हैलाकांडी (78,038) और लखीमपुर (43,651) का स्थान है । बाढ़ प्रभावित इलाकों में 511 राहत शिविरों और वितरण केंद्रों में 2.57 लाख से ज़्यादा लोग शरण लिए हुए हैं । इसके अलावा, मौजूदा संकट में 494,132 पालतू जानवर भी प्रभावित हुए हैं और मंगलवार को बाढ़ के पानी में 151 जानवर बह गए। बता दें कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाएं, नागरिक सुरक्षा और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की टीमें अधिक बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत अभियान चला रही हैं। 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button