तीन सौ ग्राम सोना लूटने वाले ईरानी गिरोह के 03 शातिर अपराधी गिरफतार

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
मेरठ। रोड़वेज बस स्टैंड पर कारीगरों को बातों में उलझाकर सोना लूटने वाले कुख्यात ईरानी गिरोह के 03 शातिर अपराधियों को गिरफतार करते हुए स्वाट टीम एवं पुलिस ने सोना एवं पचास हजार रूपये के साथ-साथ 2 बाइक भी बरामद की है। विदित हो कि दिलावर हुसैन (कारीगर) पुत्र इमाम अली निवासी घंटाघर के पास जनपद मेरठ आभूषण तैयार करने का कार्य करता है। दिनांक 12.08.2025 को अपने साथी राजेश मलिक (कारीगर) पुत्र कृष्णलाल मलिक निवासी 1191 शास्त्रीनगर एल ब्लॉक थाना नौचंदी मेरठ के साथ चांदपुर (बिजनौर) से दीपू ज्वैलर्स के यहां से पुराने सोने के आभूषण स्कूटी से लेकर मेरठ आया था । राजेश ने दिलावर को रोडवेज बस स्टैंड सोहराब गेट पर उतार दिया था। बस स्टैण्ड पर दिलावर के पास पहले एक व्यक्ति आया, उसके बाद दूसरा व्यक्ति आया। दोनों व्यक्ति दिलावर को अपनी बातों में उलझाकर वादी से बैग लूटकर मोटर साइकिल से भाग गये थे जिसमें वादी द्वारा लगभग 50 लाख रुपये के आभूषण लूटे जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। एसएसपी ने घटना के अनावरण के लिए एसपी सिटी एवं एएसपी के नेतृत्व में टीमें गठित की गयी। उक्त टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिरी के आधार पर विश्वजीत सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह, मौ0 फिरोज खान पुत्र फिरोज खान निवासी पुणे जिला पुणे(महाराष्ट्र) को एवं दुर्गेश कुमार पुत्र दर्शन लाल निवासी देवबन्द सहारनपुर को गिरफ्तार किया लूट में शामिल हबीब उर्फ समीर पुत्र सैफुल्लाह निवासी थाना खडक जिला पूणे महाराष्ट्र, बागर अली पुत्र अमजद अली निवासी मोमीनपुरा खान कम्पाउण्ड ठाणे महाराष्ट एवं हैदर ईरानी पुत्र नामालूम निवासी करोत थाना करोत जनपद भोपाल (मध्य प्रदेश) और मौ0 माशाअल्लाह ईरानी पुत्र माशा अल्लाह निवासी करोत थाना करोत जनपद भोपाल (मध्य प्रदेश) की पुलिस तलाश कर रही है।
आरोपियो से पुलिस ने 304 ग्राम पीली धातू के कुल 16 आभूषण, पचास हजार रूपये नकद, 02 तमंचे 315 बोर मय 02 खोखा कारतूस व 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर एवं घटना में प्रयुक्त 02 मोटर साइकिल बरामद की है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि हम सभी एक दूसरे को अच्छी तरह से जानते हैं। दुर्गेश कुमार सुनार का काम करता है जो अपनी दुकान पर रहता है। हम सभी मिलकर भीडभाड वाले इलाकों में जाते है तथा रैकी करके उसका माल लूट लेते है जिसको हम अपने इसी साथी दुर्गेश कुमार को बेचते है। हमने काफी घटनाएं की है। हम दूर दराज जाकर घटना करते है। दिनांक 12.08.2025 को सुबह के समय दुर्गेश ने हम सभी से कहा कि आज माल ले आओ मै अच्छे दामों बिकवा दूँगा। जिस पर विश्वजीत व मौ0 फिरोज व हमारे साथी बागर अली, हबीब उर्फ समीर, हैदर ईरानी व मौ0 माशाअल्लाह ईरानी उस दिन मौके की तलाश में घूम फिर रहे थे । जब हम सोहराब गेट बस अड्डे के पास पहुँचे तो एक व्यक्ति हाथ में बैग लिये दिखायी दिया था जो इधर-उधर देख रहा था । हमें लगा कि इस व्यक्ति के पास बैग में कुछ माल है तो योजना के अनुसार हमारे साथी हबीब व बागर अपनी इसी पल्सर मोटरसाइकिल से उस व्यक्ति के पास पहुंचे और उसको कहा कि हम पुलिस वाले है हमे तुम्हारी तलाशी लेनी है और दोनों ने उस व्यक्ति को बातों में उलझाकर उसका बैग लूट लिया और हम सभी मोटर साइकिल पर बैठकर वहाँ से फरार हो गये थे।


