
नेशनल प्रेस टाइम्स | संवाददाता – सुरेंद्र मलानिया
प्रश्न: पंचायत ने सर्वसम्मति से आपको वार्ड 12 से उम्मीदवार घोषित किया है। इसे आप किस रूप में देखते हैं?
राहुल तोमर: यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है। ग्रामीणों ने मुझ पर भरोसा जताया है। मैं मानता हूँ कि यह चुनाव केवल राजनीति नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है।
प्रश्न: आपकी प्राथमिकताएँ क्या होंगी?
राहुल तोमर: सबसे पहले बुजुर्गों के लिए वृद्धा आश्रम बनवाना चाहता हूँ। वे हमारी परंपरा और अनुभव के आधार स्तंभ हैं। उन्हें सम्मान और सुविधा मिलना मेरी पहली जिम्मेदारी है।
प्रश्न: गांव की पुरानी समस्या पानी की है। इसे लेकर आपकी क्या योजना है?
राहुल तोमर: सही कहा आपने। जल निकासी और तालाबों की सफाई पर विशेष ध्यान दूँगा। जब तक यह समस्या हल नहीं होगी, तब तक गांव का जीवन पूरी तरह सहज नहीं हो सकता।
प्रश्न: टयोढ़ी और शिकोहपुर हाइवे पर बसे हैं। इस स्थिति में और क्या सुधार संभव है?
राहुल तोमर: मेरी कोशिश होगी कि वार्ड 12 के हर गांव को समान रूप से विकास मिले। स्ट्रीट लाइट की बेहतर व्यवस्था की जाएगी ताकि हर गली रोशन हो। साथ ही, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर वॉटर कूलर तथा अन्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
प्रश्न: आपको कैसे लगता है कि आप इस बार चुनाव जीतेंगे?
राहुल तोमर: मेरा व्यवहार, लोगों से जुड़ाव और बुजुर्गों का आशीर्वाद ही मेरी जीत का सबसे बड़ा आधार है। वार्ड 12 के 14 गांवों में से हर जगह से मुझे समर्थन मिल रहा है। मुझे सिर्फ उम्मीद नहीं, बल्कि विश्वास है कि इस बार सफलता मेरे कदम चूमेगी।
प्रश्न: आखिर में जनता को आप क्या संदेश देना चाहेंगे?
राहुल तोमर: मेरा मानना है कि वादों से ज्यादा काम बोलता है। मैं हर समस्या को अपनी समस्या मानकर समाधान करूंगा। मेरा लक्ष्य है – वार्ड 12 के हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर एक आदर्श क्षेत्र बनाना।
राहुल तोमर के चुनावी वादे – 5 बिंदु
- बुजुर्गों के लिए वृद्धा आश्रम का निर्माण।
- गांवों में जल निकासी और तालाबों की सफाई।
- हर गली में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था।
- धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर वॉटर कूलर और सुविधाएँ।
- सभी गांवों को संपर्क मार्ग से जोड़कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना।



