बालाघाट
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की राशि आज तक अप्राप्त
850 नवविवाहित जोड़ो को राशि का इंतजार :- पीताम्बर नागेश्वर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत फरवरी माह में बालाघाट मुख्यालय पर आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए लगभग 850 नवविवाहित जोड़ें आज तक शासन द्वारा घोषित सहायता राशि ₹55,000 का इंतजार कर रहे हैं। इस संबंध में प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति के जिला प्रतिनिधि पीताम्बर नागेश्वर ने गहरी नाराजगी जताई है और इसे शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बताया है।
पीताम्बर नागेश्वर ने बताया कि बालाघाट नगरपालिका के तत्वावधान में इस विवाह समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया था। विवाह की सभी प्रक्रियाएं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की गईं, सभी लाभार्थियों के दस्तावेज भी विधिवत प्रस्तुत किए गए, फिर भी अब तक एक भी लाभार्थी को सहायता राशि नहीं मिली है। इससे नवविवाहित जोड़ों के बीच असमंजस और असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का उद्देश्य निर्धन और जरूरतमंद परिवारों को वैवाहिक सहयोग प्रदान करना है, लेकिन जब लाभार्थियों को समय पर सहायता नहीं मिलती तो योजना का भरोसा और उद्देश्य दोनों ही कमजोर पड़ते हैं।
पीताम्बर नागेश्वर ने यह भी बताया कि जिले के अन्य जनपद पंचायतों में बाद में आयोजित हुए सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में लाभार्थियों को चेक वितरित किए जा चुके हैं। केवल बालाघाट मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के जोड़े ही अब तक वंचित हैं, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं यह प्रशासनिक उदासीनता का उदाहरण न बन जाए।
पूर्व जनपद सदस्य पीताम्बर नागेश्वर ने कलेक्टर बालाघाट का ध्यानाकर्षण कराते हुए मांग की है कि नगरपालिका बालाघाट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के सभी पात्र लाभार्थियों को शीघ्र राशि प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यह शासन की प्रतिष्ठा से जुड़ा मामला है और इसमें देरी न की जाए।



