
एंटी स्मॉग गन से किया जा रहा है पानी का छिड़काव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – दिल्ली एनसीआर में दीपावली के बाद से हवा जहरीली होनी शुरू हो गई है। या यूं कहें कि गैस चैंबर के रूप में दिल्ली एनसीआर दिवाली से पहले ही तब्दील होना शुरू हो चुका था । जिसके बाद लगातार वायु गुणवत्ता सूचकांक ( AQI ) बढ़ता ही जा रहा है । दिल्ली से महज 50 किलोमीटर दूर एनसीआर में शामिल यूपी के हापुड की बात की जाए तो हापुड़ जिले में एक्यूआई पांच सौ के पार पहुंच चुका है जिससे लोगों को सांस लेने में काफी परेशानियों का सामना झेलना पड़ रहा है। दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण की ग्रैप टू व्यवस्था को लागू कर दिया गया है। लेकिन दिल्ली एनसीआर के हापुड़ क्षेत्र में एक्यूआई लगातार बढ़ रहा है जिससे लोगों को आंखों में जलन तथा सांस लेने में परेशानियां हो रही हैं। वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स के बढ़ने के बाद हापुड़ प्रशासन भी अलर्ट नजर आ रहा है। प्रशासन की तरफ से शहर के विभिन्न इलाकों में एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है । हापुड नगर पालिका की टीम शहर के विभिन्न इलाकों में पानी का छिड़काव कर रही है। कोशिश की जा रही है कि प्रदूषण से लोगों को थोड़ी बहुत राहत मिल सके।
हापुड़ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा ने बताया कि हापुड़ में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए एंटी स्मॉग गन से लगातार छिड़काव किया जा रहा है । इसके साथ ही सड़कों के किनारे जो धूल वाला एरिया है वहां पर टाइल्स लगवाई जा रही है जिससे की धूल ना उड़े और प्रदूषण वाले जितने क्षेत्र हैं उनको साफ कराया जा रहा है । हापुड़ नगर पालिका द्वारा लगातार पानी का छिड़काव भी कराया जा रहा है जिससे कि बढ़ते प्रदूषण को लगातार कम किया जा सके ।




